‘मुसु मुसु हासी’ गाने से नजरों में आ गए थे विशाल ददलानी

28 जून 1973 को मुुंबई में जन्में विशाल ददलानी आज अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने बहुत सी फिल्मों में संगीत कंपोज करने के…

28 जून 1973 को मुुंबई में जन्में विशाल ददलानी आज अपना 48वां जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने बहुत सी फिल्मों में संगीत कंपोज करने के साथ-साथ गानों में भी आवाज दी है। उनकी आवाज श्रोताओं को बहुत पसंद हैं। साल 1994 में उन्होंने अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। पढ़ाई पूरी करने के बाद विशाल पूरी तरह संगीत की दुनिया से जुड़ गए। उसी साल विशाल ने चार लोगों के साथ मिलकर अपना एक म्यूजिक बैंड पेंटाग्राम बनाया। 1999 में आई फिल्म ‘प्यार में कभी कभी’ से विशाल ने अपने करियर की शुरुआत की थी।

फिल्म का गाना ‘मुसु मुसु हासी’ हिट रहा और विशाल को पहचान मिली। हालांकि उनके करियर को उड़ान साल 2003 में आई फिल्म ‘झंकार बीट्स’ से मिली। फिल्म के गाने ‘तू आशिकी है’ के लिए विशाल को फिल्मफेयर का न्यू म्यूजिक टैलेंट आरडी बर्मन अवॉर्ड दिया गया। विशाल एक सफल म्यूजिक कंपोजर और गायक होने के साथ-साथ टीवी रिएलिटी शो में बतौर जज के रूप में नजर आते हैं। आज विशाल के हुनर का लोहा पूरी दुनिया मानती है लेकिन एक समय ऐसा आया था जब उन्हें लगने लगा था कि अब उनका करियर खत्म है।

दरअसल विशाल ददलानी ने एक बार अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था जिसमें वो एक गाना गाते नजर आए थे। इस वीडियो को साझा करते हुए विशाल ने लिखा था, ‘मैंने अगस्त 2019 में स्मोकिंग करना छोड़ दिया। 9 साल से मैं एक दिन में 40 सिगरेट पीता था। मेरी आवाज काफी खराब हो गई थी। म्यूजिक रिकॉर्डिंग और कई कॉन्सर्ट में मुझे काफी कुछ भला बुरा सुनने को मिला था’।
आगे विशाल ने कहा कि, ‘मेरी आवाज पूरी तरह से खराब हो गई थी। मैंने कभी आपको ये नहीं बताया कि इसके चलते मैंने कितना संघर्ष किया है। स्मोकिंग छोड़ने के बाद अब मैं पूरी तरह से ठीक हूं और मेरी आवाज भी ठीक हो गई है’। विशाल ने जब ये वीडियो साझा किया था तो उनके फैंस ने सिगरेट जैसी बुरी लत छोड़ने पर खुशी जताई थी और उनके जज्बे की तारीफ की थी।
विशाल का नाम विवादों में भी खूब रहा है। वो एक ऐसे सेलेब्स हैं जो अक्सर अपने मन की बात लोगों से साझा करते हैं और कई बार इसके चलते उन्हें विवाद का सामना करना पड़ा है। रैपर हनी सिंह के साथ उनकी कोल्ड वॉर भी किसी से छिपी नहीं रही। दरअसल फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के गाने विशाल ने कंपोज किए थे, लेकिन टाइटल ट्रैक के लिए शाहरुख और रोहित शेट्टी ने हनी सिंह को चुना तो हनी सिंह के साथ विशाल की ट्यूनिंग थोड़ी बिगड़ गई थी।
इंडस्ट्री में विशाल की जोड़ी शेखर के साथ काफी पसंद की जाती है।विशाल का नाम शेखर के बगैर अधूरा है। शेखर के साथ विशाल ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक हिट दिए। दोनों ने हिंदी के अलावा तेलुगू, तमिल और मराठी फिल्मों में संगीत दिया है। दोनों की मुख्य फिल्मों में ‘झंकार बीट्स’, ‘दस’, ‘ब्लफ मास्टर’, ‘ओम शांति ओम’, ‘बचना ऐ हसीनो’, ‘दोस्ताना’, ‘अनजाना अनजानी’, ‘रा वन’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ और ‘वॉर’ सहित अन्य शामिल हैं।