Uttarakhand Weather Update Today: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हवाओं के साथ-साथ बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया है। वहीं मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के बीच गर्मी काफी बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकांश हिस्सों में धूप छांव का दौर बना रहेगा। कहीं कहीं हल्की बारिश तो मैदानी इलाकों में कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं दोपहर में तापमान 40 डिग्री के पार होने से भीषण गर्मी भी पड़ सकती है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है जिसके अनुसार रविवार 9 जून को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ , बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी सहित टिहरी जिले में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और झोंकेंदार हवाएं चलने की संभावना है जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक उत्तराखंड राज्य में आज मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। उन्होंने बताया मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
मैदानी इलाकों में 40 डिग्री तक तापमान पहुंच जाएगा। इसके बाद मौसम काफी शुष्क हो जाएगा और चटख धूप खिलेगी। शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में दिनभर तेज धूप के चलते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहे लेकिन वर्ष नहीं हुई हालांकि न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों पर सुबह और शाम मौसम अच्छा हो गया।
तापमान की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान 39.8 और न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा है।