कर्नाटक के दावणगेरे से एक अनोखा मामला सामने आया है। दावणगेरे में एक आरोपी को पकड़ने के लिए भारी बारिश में एक कुत्ते ने करीब 8 किलोमीटर तक की दौड़ लगा दी और आरोपी का पीछा किया। इस दौरान उसने एक महिला की जान भी बचाई और आरोपी का पता लगाने में अहम भूमिका निभाई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को चन्नागिरी ताल्लुक के संथेबेन्नूर में पेट्रोल पंप के पास बड़ा रोड पर एक व्यक्ति का शव मिला। पेट्रोलिंग टीम ने शव देखा और थाने को सूचित किया। एसपी उमा प्रशांत ने तुंगा 2 और उसके हैंडलर कांस्टेबल शफी और अन्य पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा। इसके बाद डाबरमैन कुत्ते ने पीड़ित की जैकेट को सूंघ और चन्नपुरा की ओर भाग गया।
तुंगा 2 और उसका हैंडलर बिना रुके आठ किलोमीटर तक भागता रहा। इसके बाद कुत्ता एक घर के पास रुक जहां बहुत ज्यादा शोर हो रहा था और आवाज आ रही थी। पुलिस ने घर में घुसकर देखा तो एक आदमी एक महिला को बेरहमी से पीट रहा था। महिला को इतनी बुरी तरह से पीटा गया था कि वह बेहोश हो गई थी।
तुंगा 2 की सतर्कता ने महिला की मौत को टाल दिया, जिसकी पहचान रूपा के रूप में हुई। पुलिस ने रंगास्वामी नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच करने पर पता चला कि जिस हत्यारे की तलाश वे कर रहे थे, वह रंगास्वामी ही था। सड़क किनारे मिला शव संथेबेन्नूर के 33 वर्षीय संतोष का था। रंगास्वामी को शक था कि उसकी पत्नी का संतोष के साथ अवैध संबंध है। इसलिए रंगास्वामी ने संतोष को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया।