student suicide by bullet shots to himself
भीमताल। नौकुचियाताल के पास एक 22 वर्षीय युवक की गोली लगने से दुःखद मौत होने की सूचना है। मृतक भीमताल स्थित एक प्राइवेट विश्वविद्यालय में बीकॉम ऑनर्स तीसरे सेमेस्टर का छात्र था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक विभव शर्मा ने शुक्रवार सुबह तड़के करीब तीन बजे अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल को मुंह के अंदर सटाकर खुद को गोली मार ली। परिजन उसे बचाने की कोशिश में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल लाये, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है और मृत्यु के कारणों की पड़ताल कर रही है। भीमताल के कोतवाल कैलाश जोशी ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लगता है। मृतक पढ़ाई में काफी अच्छा था और दो भाइयों में बड़ा था। उनका परिवार मूलतः मैनपुरी यूपी का रहने वाला है।