Ranikhet: Eight-day Nandadevi Mahotsav of Kadli Tree Invitation begins
रानीखेत। कदली वृक्ष आमंत्रण के साथ पर्यटक नगरी रानीखेत में आठ दिवसीय 133 वाॅ नन्दादेवी महोत्सव (Nandadevi Mahotsav )शुरु हो गया है।
नन्दादेवी महोत्सव समिति के तत्वाधान में भक्तों द्वारा रायस्टेट स्थित माधव कुंज से कदली वृक्ष को पूजा पाठ उपरांत माता की जयकारो के साथ नगर भ्रमण करा कर मंदिर परिसर में लाया गया। तत्पश्चात मां नंदा सुनंदा की मूर्ति निर्माण कार्य शुरू हो गया।
नन्दादेवी महोत्सव(Nandadevi Mahotsav ) समिति अध्यक्ष हरीश लाल साह के नेतृत्व मां नंदा सुनंदा की मूर्ति हेतु कदली वृक्ष को द्योलीखेत रायस्टेट स्थित माधव कुंज निवासी विमल भटट के आवास परिसर से बुधवार को पूजा पाठ उपरांत माता की जयकारो के साथ नगर के देवलीखेत, रोडवेज, सदर बाजार, गाॅधी चौक, केएमओ स्टेशन, शिव मंदिर मार्ग आदि मार्गों से होते हुए नन्दादेवी मंदिर परिसर मे लाया गया। जिसमे नगर के विभिन्न संगठनो सहित अनेक लोगों ने हिस्सा लिया।
इससे पूर्व यजमान लक्ष्मण सिंह बिष्ट व श्रीमती अनामिका बिष्ट द्वारा कदली वृक्ष आमंत्रण पूजन की गई, जिसे पं.विपिन चंद्र पंत द्वारा सम्पन्न कराया गया। इस दौरान महिला मंडली के भजन कीर्तनों ने कार्यक्रम स्थल भक्तिमय बना दिया। समिति अध्यक्ष हरीश लाल साह ने बताया कि 20 से 22 सितंबर तक मूर्ति निर्माण, 23 सितम्बर ब्रहम मुहूर्त में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होंगी। तत्पश्चात परम्परागत धार्मिक कर्मकांड आयोजन के साथ ही नित्य पूजा-अर्चना कार्यक्रम होंगे। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा डोला उठने तक माता के दर्शन किए जा सकेंगे। 27 सितम्बर को कार्यक्रम का समापन माता की भव्य शोभा यात्रा व मूर्ति विसर्जन के साथ समपन्न होगा।