पुणे के ड्राइवर ने ही अपनी वैन में लगाई थी आग, चार लोग जल गए थे जिंदा, वजह है हैरान करने वाली

पुणे के पास एक निजी कंपनी की मिनी बस में आग लगने की घटना की जांच कर रही पुलिस ने दावा किया है कि असंतुष्ट…

पुणे के पास एक निजी कंपनी की मिनी बस में आग लगने की घटना की जांच कर रही पुलिस ने दावा किया है कि असंतुष्ट चालक ने ही खुद वहां में आग लगाई थी।


इस घटना में निजी कंपनी के चार कर्मचारियों की जलकर मौत हो गई थी। पिंपरी चिंचवाड के पुलिस उपयुक्त विशाल गायकवाड ने बताया कि जांच से पता चला है कि आग दुर्घटना से नहीं बल्कि साजिश का नतीजा थी। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी चालक जनार्दन हंबरदेकर हाल में अपने वेतन में हुई कटौती से नाराज था।


गायकवाड़ ने यह भी बताया कि उनका कुछ कर्मचारियों के साथ विवाद चल रहा था और वह उससे बदला लेना चाहता था। अधिकारियों ने बताया कि जिन कर्मचारियों के खिलाफ जनार्दन गुस्सा था वे मृतक चार लोगों में शामिल नहीं हैं।


यह घटना बुधवार सुबह पुणे शहर के निकट हिंजवड़ी क्षेत्र में उस समय घटी, जब ‘व्योमा ग्राफिक्स’ की बस में आग लग गई। बस में 14 कर्मचारी सवार थे। पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘आरोपी ने बेंजीन (ज्वलनशील रसायन) खरीदा था।

उसने बस में पोंछने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला कपड़ा भी रखा था। बृहस्पतिवार को जब बस हिंजवड़ी के पास पहुंची तो उसने माचिस जलाई और कपड़े में आग लगा दी।’


उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद जनार्दन खुद घायल हो गया था लेकिन अन्य लोगों के साथ वह बस के नीचे उतरने में सफल रहा था।

पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी चालक का इलाज चल रहा है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में 10 यात्री झुलस गए जिसमें दो गंभीर रूप से अभी भी घायल हैं।


इस घटना में चार कर्मचारियों – शंकर शिंदे (63), राजन चव्हाण (42), गुरुदास लोकरे (45) और सुभाष भोसले (44) की मौत हो गई। गायकवाड़ ने कहा कि विस्तृत जांच जारी है।