पहले दिन फर्राटा दौड़ में ऊधम सिंह नगर के राजेंद्र व 400 मीटर में जितेंद्र ने मारी बाजी
पिथौरागढ़। अनुसूचित जनजाति के ओपन बालक वर्ग की दो दिवसीय राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शनिवार को पिथौरागढ़ में शुरू हो गई है। प्रतियोगिता में 100 मीटर फर्राटा दौड़ में ऊधम सिंह नगर के राजेंद्र सिंह प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में भी इसी जिले के जितेंद्र सिंह ने बाजी मारी।
खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य एवं जिला प्रशासन पिथौरागढ़ के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से ट्राइबल सब प्लान के अन्तर्गत सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्पोट्र्स स्टेडियम में पहले दिन विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। 100 मीटर दौड़ में देहरादून के विक्रम पंवार द्वितीय व ऊधम सिंह नगर हेमन्त सिंह राणा तृतीय स्थान पर रहे। 400 मीटर दौड़ में प्रथम के साथ ऊधम सिंह नगर के ही गौरव राणा द्वितीय तथा नैनीताल के आयुष जंगपांगी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
800 मीटर दौड़ में देहरादून के ऋतिक जोशी ने पहला, ऊधम सिंह नगर के जितेंद्र सिंह ने दूसरा और देहरादून के निखिल जोशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। लंबी कूद में ऊधम सिंह नगर के गौरव राणा ने प्रथम, देहरादून के विक्रम पंवार ने द्वितीय और चमोली जिले के अमन रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।