shishu-mandir

108 और खुशियों की सवारी की बदहाली पर कांग्रेसी हुए लाल

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

युवक कांग्रेस ने प्रदेश सरकार का फूंका पुतला
पिथौरागढ़। दो देशो की सीमाओं को जोड़ने वाले सीमान्त जिले पिथौरागढ़ जिले में 108 सेवा और खुशियों की सवारी सेवा ठप होने के पर लोगों में भारी रोष है। इस मसले को लेकर अब राजनैतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों को दौर शुरू हो चुका है। इन सेवाओं की बदहाली पर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के गांधी चौक में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस मौके पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए युकां जिलाध्यक्ष ऋषेन्द्र महर ने कहा कि इन दोनों सेवाओं को प्रदान करने वाले वाहनों को लंबे समय से तेल उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे ये बंद चल रही हैं और आम जनता को इन सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। इसके साथ ही रसोई गैस सिलेंडरों की भी भारी किल्लत लोगों को झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक खुद वित्त मंत्री हैं, लेकिन 108 सेवा व खुशियों की सवारी के लिए तेल न मिलने से पता चलता है कि वह आम जनता की समस्याओं के प्रति कितने संवेदनशील हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर वित्त मंत्री आए दिन हेलीकॉप्टर या हवाई जहाज आए दिन पिथौरागढ़ और देहरादून के चक्कर लगा रहे हैं जिसका खर्चा जनता की जेब से जाने वाले सरकारी पैसे से ही निकल रहा है, लेकिन जनता बुनियादी सेवाओं से भी महरूम है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष मनोज महर, प्रकाश देवली ने भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द यह समस्याएं दूर नहीं हुईं तो युवा सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने को विवश होंगे। पुतला फूंकने वालों में शुभम बिष्ट, करन सिंह, लोकेश पांडेय, रवि धामी, प्रवीन, प्रदीप महर दीपक नेगी, संजय सिंह, नवीन ऐरी, चंद्रप्रकाश, पारस सिंह, अमित जोशी, नीरज,, समीर जोशी आदि शामिल रहे।