बिजली-पानी के दाम बढ़ाने के खिलाफ सीएम का फूंका पुतला

Newsdesk Uttranews
2 Min Read

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा- ऊर्जा प्रदेश कहे जाने के बावजूद सरकार का यह कदम निंदनीय

new-modern


पिथौरागढ़। बिजली व पानी के दाम बढ़ाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदेश भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला दहन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि एक तरफ हम उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश कहते हैं। लेकिन आए दिन कभी बिजली तो कभी पानी के दाम बढ़ा दिये जा रहे हैं जो निंदनीय है।
नगर के तिलढुकरी क्षेत्र में पुतला दहन के दौरान आयोजित सभा में पार्टी जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर ने कहा कि उत्तराखंड नदियों और झीलों का प्रदेश है, सबसे ज्यादा पीने योग्य पानी हम देते हैं। कई जलविद्युत परियोजनाएं यहां पर हैं, इसके बावजूद बीजेपी की प्रदेश सरकार द्वारा बिजली और पानी के दाम बढ़ाते जाना शर्मनाक है। जिला महामंत्री रोहन सौन और दीनू कापड़ी ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार सत्ता पर काबिज हुई है, तब से जनता को किसी न किसी तरह परेशान किया जा रहा है। आए दिन तुगलकी फरमान थोप दिये जा रहे हैं। बिजली और पानी के दाम बढ़ाना प्रदेश के लोगों पर अनावश्यक दबाव है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर, बसंत जोशी, खीमराज जोशी, महिपाल वल्दिया, जावेद खान, अनिल जोशी, भुवन पांडे, राजू कोहली, निर्मल लोहिया, जिशान बख्श, दिनेश भट्ट, शाहबाज खान और मनोज ठकुराठी, जगदीश बिष्ट व विशाल समेत अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।