वित्त मंत्री के बयान के बाद लाल हुआ पहाड़: अल्मोड़ा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, पुतले की शवयात्रा निकाली

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल के सदन में दिए गए बयान के बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। उनके…

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल के सदन में दिए गए बयान के बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। उनके कथित “साले पहाड़ी” वाले बयान को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। इस बयान के विरोध में शनिवार को अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जीआईसी मैदान से चौघानपाटा तक वित्त मंत्री का पुतला लेकर सांकेतिक शवयात्रा निकाली और चौघानपाटा पहुंचकर पुतले का दहन किया।

कांग्रेस ने जताया आक्रोश, मंत्री से इस्तीफे की मांग

कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इस दौरान कड़े शब्दों में वित्त मंत्री के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड के राज्य निर्माण में पहाड़ के लोगों का योगदान अतुलनीय है। लेकिन प्रदेश के वित्त मंत्री ने पहाड़ी समाज का अपमान कर अपनी मानसिक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह बयान सिर्फ पहाड़ के लोगों के लिए नहीं, बल्कि उत्तराखंड आंदोलनकारियों और राज्य के गौरव के खिलाफ है।”

भूपेंद्र सिंह भोज ने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐसे “पहाड़-विरोधी” मंत्री को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भाजपा के मंत्री में हिम्मत है, तो वे पहाड़ों का दौरा करके दिखाएं। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस उन्हें अल्मोड़ा जिले की सीमाओं में घुसने नहीं देगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किया प्रदर्शन

इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, प्रदेश सेवा दल महिला अध्यक्ष शोभा जोशी, पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष संजू सिंह, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष जगदीश तिवारी, सोमेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन भंडारी, सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजू भट्ट, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष पंकज कार्की सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बढ़ रहा गुस्सा, अन्य हिस्सो में भी दिखी नाराजगी

अल्मोड़ा में हुए इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन तेज होने की संभावना जताई जा रही है। लमगड़ा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस अपमानजनक बयान को हल्के में नहीं लेगी और इसके खिलाफ हर स्तर पर आंदोलन करेगी।
प्रदेश में पहले से ही बेरोजगारी, पलायन और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर जनता सरकार से नाराज है। ऐसे में वित्त मंत्री के इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया है। अब देखना होगा कि सरकार इस विवाद को शांत करने के लिए क्या कदम उठाती है और क्या मुख्यमंत्री अपने मंत्री के खिलाफ कोई कार्रवाई करेंगे या नहीं।

Leave a Reply