shishu-mandir

दर्दनाक: वाहन के चपेट में आने से 4 साल के बच्चे की मौत: दो बहनों का इकलौता भाई था मृतक, स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग कर वापस घर को लौट रहा था बच्चा

Newsdesk Uttranews
2 Min Read
Screenshot-5

डेस्क। कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन की चपेट में आने से चार साल के बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद बच्चे के घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ​लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना आज सुबह साढ़े 8 बजे की है। जानकारी के मुताबिक संसारी गांव निवासी किशन सिंह का 4 वर्षीय पुत्र आर्यन गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग कर अपनी मां के साथ घर लौट रहा था। इस दौरान उसने अपनी मां का हाथ छोड़ दिया और सड़क में दौड़ने लगा। जब तक उसकी मां उसे आवाज देती। वह कुंड की तरफ से आ रहे एक यात्री वाहन की चपेट में आ गया। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया। आनन—फानन में बच्चे को पीएचसी ऊखीमठ ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम वरूण अग्रवाल व थानाध्यक्ष सुबोध ममगाईं ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने वाहन सीज कर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बच्चे के माता—पिता का रो—रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था। वह राजकीय प्राथमिक विद्यालय संसारी में पढ़ता था।

new-modern
gyan-vigyan