अल्मोड़ा:5 अप्रैल— अल्मोड़ा के कठपुड़िया के पपोली गांव में सुबह गुलदार(leopard) ने दो लोगों पर हमला कर दिया। गुलदार के हमले में पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दूसरे को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार सुबह आठ बजे के करीब गांव के महेन्द्र सिंह गायों को चराने छोड़ घर को वापस लौट रहे थे कि घात लगाए गुलदार ने उनपर हमला कर दिया। शोर गुल छोड़ कर गुलदार वहां से भाग गया और कुछ दूरी पर घर के पास मौजूद पूर्व प्रधान राजेन्द्र सिंह पर उसने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों को निजी वाहन से जिला अस्पताल लाया गया जहां उनका उपचार किया गया महेन्द्र सिंह को कम चोटें हैं जबकि राजेन्द्र सिंह के दोनों पांवों और शरीर के कई हिस्सों में गुलदार के हमले के दौरान चोटें आई हैं।
अस्पताल पहुंची वन क्षेत्राधिकारी संचिता वर्मा ने बताया कि दोनों का उपचार कराया जा रहा है और वन विभाग की टीम को पिंजरे के साथ गांव में भेज दिया गया है। घायलों को पांच पांच हजार रुपये की प्राथमिक सहायता दी जा रही है।
इधर घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है लोगों ने जल्द ही इस गुलदार को पकड़ने की मांग की है।