shishu-mandir

लमगड़ा तहसील भवन निर्माण नहीं होने पर नाराज कुंजवाल बैठे धरने पर

उत्तरा न्यूज डेस्क
3 Min Read
Photo -uttranews
Photo -uttranews

अल्मोड़ा। स्वीकृत हुई लमगड़ा तहसील का भवन निर्माण नहीं होने से नाराज पूर्व विधान सभा अध्यक्ष व जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने अपने समर्थकों के साथ रामलीला मैदान में धरना दिया | उन्होंने सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाया |
इस मौके पर हुई सभा को संबोधित करते हुए कुंजवाल ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जनपद अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा में लमगड़ा में तहसील को स्वीकृति मिली थी। यह तहसील विगत तीन वर्षों से यहां संचालित है। पहले तहसील भवन हेतु जमीन उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण पिछली सरकार के समय धनराशि स्वीकृत नहीं हो पायी। गत वर्ष क्षेत्रवासियों द्वारा तहसील भवन हेतु भूमि प्रशासन के नाम कर दी गई। इसके बाद भवनों के निर्माण हेतु विभाग ने आगणन बनाकर स्वीकृति हेतु शासन को भेजा गया। कुंजवाल ने आरोप लगाया कि तहसील भवन के लिए कई बार तहसील भवन निर्माण हेतु अनुरोध किया, लेकिन आज की तारीख तक भवन निर्माण के लिए धनराशि आवंटित नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा कई पूर्व में स्वीकृत व संचालित संस्थानों को बंद किया जा रहा है।
कुंजवाल ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कन्या हाईस्कूल गुणादित्य जो विगत कई सालों से संचालित है तथा जिसका भवन निर्माणाधीन है। सरकार इस कन्या हाईस्कूल को भी बंद करने जा रही है। सरकार के इस प्रकार के निर्णयों से जनता आहत है, जिस कारण वह धरने पर बैठने को विवश हुए हैं।
धरने के बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी की गई तो वह जनता को साथ लेकर एक बड़ा आंदोलन करेंगे। धरने में दिवान सिंह सतवाल, जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडे, पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रमुख महेंद्र सिंह मेर, ब्लॉक प्रमुख कमला आर्या, एससी प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष चंदन कुमाउनी एवं एसटी प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष रमेश मेलकानी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, राजेश अधिकारी, दीपक मलाड़ा, चंदन बोरा, विशन रावत, विशन आर्या, दीप , मनोज रावत, राम सिंह नगरकोटी, मोहन नगरकोटी, कुंदन बिष्ट, कमला आर्या, शिवराम आर्या, राधाबल्लभ, चंपा देवी आदि मौजूद थे |

Photo -uttranews