Pithoragarh- भाजपा शासनकाल में हुई बाराबीसी क्षेत्र की घोर उपेक्षा : जगदीश कुमार

—— कहा- शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और सड़कों का क्षेत्र में बुरा हाल पिथौरागढ़। पूर्व सदस्य जिला पंचायत एवं राजीव गांधी पंचायती राज के जिला संयोजक…

—— कहा- शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और सड़कों का क्षेत्र में बुरा हाल

पिथौरागढ़। पूर्व सदस्य जिला पंचायत एवं राजीव गांधी पंचायती राज के जिला संयोजक जगदीश कुमार का कहना है कि भाजपा सरकार जब जब सत्ता में आई बाराबीसी क्षेत्र के देवलथल, बुंगाछीना, रसैपाटा, अलगड़ा और मुवानी क्षेत्र की उपेक्षा ही हुई है। बाराबीसी क्षेत्र में आजतक जो भी कार्य हुए हैं सब कांग्रेस शासनकाल में हुए हैं।

डबल इंजन सरकार होने के बाद भी इंटर कॉलेज रसैपाटा, अलगड़ा में साइंस जैसे महत्वपूर्ण विषय की स्वीकृति नहीं है। अटल आदर्श इंटर कॉलेज देवलथल में प्रधानाचार्य का पद और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का पद खाली है। मुवानी इंटर कॉलेज में गणित, अंग्रेजी, जीव विज्ञान के शिक्षक के पद रिक्त हैं।

जगदीश कुमार ने यहां एक बयान में कहा कि स्वास्थ्य सुविधा का भी क्षेत्र में बुरा हाल है। दो पीएससी सेंटर हैं मुवानी और देवलथल, जहां पर एक्सरे मशीन तक नही है। क्षेत्र में 10 हजार से भी ज्यादा आबादी है, मगर एक सरकारी एम्बुलेंस तक नहीं है। मरीजों को जिला मुख्यालय ले जाने के लिए रसैपाटा व अलगड़ा के लोग आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के भरोसे हैं।

कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जो सड़कों की बात करते हैं, उनमें सातशिलिंग-थल मोटरमार्ग और देवलथल-कनालीछीना जैसे मुख्य मार्ग ही दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं। विधायक निधि की सड़कें चलने लायक नहीं हैं। स्वरोजगार के लिए बिना ब्याज का ऋण सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं को बांटा जा रहा है। पूर्व जिपं सदस्य कुमार का कहना है कि बाराबीसी क्षेत्र की जागरूक जनता बार बार क्षेत्र की उपेक्षा अब सहन नहीं करने वाली है।