मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सुखदेवपुर गांव में एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को खेत में दफन कर पुलिस और समाज की नजरों से छिपाने की कोशिश की, लेकिन परिजनों को कुछ संदिग्ध लगा और उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी।
पूरा मामला जमुनापार थाना क्षेत्र का है, जहां आरोपी विजय अपनी पत्नी रेखा के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात विजय शराब के नशे में घर लौटा था। इसी दौरान उसका पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो इतना बढ़ गया कि गुस्से में उसने रेखा को छत से नीचे धकेल दिया। रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद विजय ने रात के अंधेरे में शव को खेत तक घसीटकर ले गया और गड्ढा खोदकर उसे वहीं दफना दिया।
अगले दिन जब घरवालों ने रेखा के बारे में पूछा तो विजय ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। लेकिन उसकी हरकतों से शक गहराता गया और आखिरकार उसके छोटे भाई ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दे दी। पुलिस ने विजय को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस आरोपी की निशानदेही पर खेत से महिला का शव बरामद कर लाई।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि विजय का एक दिव्यांग महिला के साथ प्रेम संबंध था, जिससे उसकी पत्नी रेखा अक्सर नाराज़ रहा करती थी। इसी को लेकर घर में आए दिन विवाद होते थे। घटना की रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो अंतत: रेखा की जान ले बैठा।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, वहीं ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश और हैरानी का माहौल बना हुआ है।