Welcome to My Site

Content goes here...

यहां युवक की पहले की हत्या फिर शव को उसकी ही गाड़ी पर लटका दिया

उत्तरा न्यूज डेस्क
2 Min Read

बागेश्वर। बीते रात्रि भैरूचौबट्टा में एक युवक की हत्या कर शव को उसी के वाहन से लटकाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात 8:25 बजे भैरूचौबट्टा में मैक्स वाहन संख्या यूके02टीए-1524 में मनोज कुमार (32) पुत्र केशर राम का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर भैरूचौबट्टा के ग्राम प्रधान नवीन चंद्र और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे।

उन्होंने देखा कि मृतक के पैर जमीन से टिके हुए थे। उन्होंने घटना की जानकारी राजस्व उप निरीक्षक जगदीश सिंह परिहार को दी। राजस्व उप निरीक्षक ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया।रविवार को जिला मुख्यालय में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। जानकारी मिली है कि मृतक ने मौत से पहले वीडियो बनाया। व्हाट्सएप स्टेटस में डाले वीडियो में गांव के ही नवीन और नीरज नाम के दो लोगों का नाम लेकर मृतक कह रहा है कि मेरी मौत के लिए यह लोग जिम्मेदार रहेंगे। इन लोगों ने उसके सिर पर शीशे फोड़ रखे हैं।

मुझे कुछ हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी इन लोगों की होगी। मृतक के भाई प्रकाश चंद्र ने राजस्व पुलिस में गांव के ही नवीन नाथ उर्फ नब्बू और नीरज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक के परिजनों और गांव के लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मोर्चरी के बाहर पुलिस, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव न उठाने का ऐलान किया है। मोर्चरी में भारी पुलिस बल तैनात रहा।

एसडीएम मोनिका ने मोर्चरी पहुंचकर मृतक के परिजनों को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी दी और उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। परिजन और गांव के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े हुए हैं।