पिथौरागढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमन्त्री लाल बहादुर शास्त्री की जयन्ती जिले भर में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया गया। विभिन्न दलों और संगठनों, जिला प्रशासन तथा शैक्षणिक संस्थानों में दोनों को याद कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। कांग्रेस कार्यालय में इस अवसर पर विधायक मयूख महर ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमन्त्री शास्त्री ने भारत को आजादी दिलाने में अहम योगदान दिया।
महात्मा गांधी अहिंसा के पुजारी थे तो पूर्व प्रधानमन्त्री शास्त्री ने जय जवान जय किसान का नारा देकर देश को जगाने का काम किया। इस सबका अनुसरण हम लोगों को भी अपने जीवन में करना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी, अभिषेक बोहरा कार्तिक खर्कवाल, पवन शर्मा, शंकर लाल, राकेश प्रधान, बहादुर सामन्त समेत अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता और पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। विभिन्न कार्यालयों, थानों में उन्हें याद करने के साथ ही स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। उधर सोर वैली पब्लिक स्कूल में गांधी जी की 153वीं जयन्ती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सुबह प्रभात फेरी निकाली और उसके बाद भाषण प्रतियोगिता में महापुरुषों के जीवन पर वक्तव्य प्रस्तुत किए।