अमेरिका के इंडियाना में यूपी के आगरा निवासी गेविन दासौर को गोली मारने के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे उनके पिता पवन दासौर काफी दुखी हैं। वह बस एक ही बात बोल रहे हैं कि उन्हें न्याय चाहिए।
पुलिस ने आरोपी को सिर्फ आत्मरक्षा में गोली चलाने का दावा करने पर छोड़ दिया, जबकि सच्चाई कुछ और ही है।
गेविन हाथ में पिस्टल जरूर पकड़े था। लेकिन गोली नहीं चला रहा था। पिकअप ट्रक चालक से विवाद के समय बातचीत में वह दायें हाथ की जगह, बायें हाथ में पिस्टल ले लेता है। वह बायें हाथ से गोली नहीं चला सकता था। गलत तरीके से गाड़ी चलाने का विरोध कर रहा था। इसी बीच पिकअप ट्रक में सवार अमेरिकी व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। वह अमेरिका में अपने अधिवक्ता से विधिक राय लेने के बाद मुकदमा दर्ज करवाएंगे।
पवन दासौर ने बताया कि बेटा गेविन स्नातक करने के बाद ही अमेरिका चला गया। वहां पर उसने ऑटो मोबाइल में डिप्लोमा करने के बाद ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय शुरू किया। जिसके बाद अब उसके दो घर और दो गाड़ियां हैं। अच्छा खासा बिजनस चल रहा है। वह सितंबर 2023 में घर आया था। अक्तूबर 2023 में वापस चला गया था। 29 जून को शादी हुई। इस पर उसने रिसेप्शन के लिए घर आने की कह रहा था।
मगर, बेटी की शादी दिसंबर में होनी थी। इसलिए उससे मना कर दिया। कहा कि बहन की शादी पर ही पत्नी के साथ आ जाना। तब ही उसका रिसेप्शन भी करते। रोजाना वीडियो कॉल पर बेटा बात करता था। वह काफी खुश था। मगर, वह आता, उससे पहले ही उसकी जान चली गई।
पवन कुमार ने बताया कि अमेरिकी समय के अनुसार, 16 जुलाई की रात को गेविन अपनी गाड़ी में पत्नी के साथ लौट रहा था। उन्होंने साथ में पार्टी की थी। घर लौटते समय ओवरटेक करते समय पिकअप ट्रक चालक और कार में टक्कर हो गई। गेविन ने ट्रक चालक को रोक लिया। तभी उसने बेटे को तीन गोली मार दी। पवन कुमार ने दावा किया एक्टिविस्ट रोन जी ने पूरी घटना का वीडियो बनाया था। इसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। 24 घंटे बाद एक्टिविस्ट को भी मार दिया गया।