Dharm nirpeksh Yuva Manch took out padyatra
अल्मोड़ा, 11 नवंबर 2021- धर्मनिरपेक्ष युवा मंच(Dharm nirpeksh Yuva Manch) ने अल्मोड़ा को हैरिटेज सिटी बनाने को लेकर गुरुवार को पदयात्रा निकाली। यह पद यात्रा नगर के सभी वार्डों में निकाली जाएगी।
अपनी मुख्य मांग अल्मोड़ा को हैरिटेज सिटी बनाने को लेकर धर्मनिरपेक्ष युवा मंच के नेतृत्व में लोग चौघानपाटा गांधी पार्क पर एकत्र हुए। और यहां एक सभा का आयोजन हुआ।
इस मौके पर धर्मनिरपेक्ष युवा मंच(Dharm nirpeksh Yuva Manch) के संयोजक विनय किरौला ने कहा कि अल्मोड़ा शहर सुप्त अवस्था में चला गया है। सालों से उचित नेतृत्व न मिलना इसका कारण है। अल्मोड़ा शहर ने एक समय पूरे देश की चेतना पर असर डाला है।
शहर अपनी शिक्षा संस्कृति तहजीब के लिए पूरी दुनिया मे जाना जाता था। इस शहर को उत्तराखंड के विकास का माडल होना चाहिए। इसीलिए यह मुहिम छेड़ी जा रही है।
हैरिटेज सिटी व मंदिरों का शहर बनाकर अल्मोड़ा वासियों के मन में वो स्वाभिमान पैदा करेंगे, जो पिछली पीढि़यों में था।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अल्मोड़ा शहर का विकास, यहां के गौरवशाली इतिहास, परम्परा, संस्कृति, क्राफ्ट व कला इत्यादि को पुनर्जीवित करना है, तो अल्मोड़ा शहर को हैरिटेज सिटी का दर्जा मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अल्मोड़ा नगर के संभ्रात एवं बुद्धिजीवी नागरिक इस पदयात्रा में शामिल होकर संघर्ष को मुकाम तक पहुंचाने के लिए भागीदारी करें।
इसके बाद मुख्यालय के विभिन्न वार्डों में पदयात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग जुटे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा प्रत्येक सप्ताह प्रत्येक वार्ड में निकाली जाएगी।
इस अवसर पर मयंक पंत, पंकज रौतेला, सुन्दर लटवाल, सूरज टम्टा, पवन मुस्यूनी, मनीष भाकुनी, अमित चौधरी, दीपक दानी, मनोज लटवाल, हरीश बिष्ट आदि मौजूद थे। इस मौके पर लोक कला से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने प्रस्तुत किए।