दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर चल रहा सस्पेंस आज खत्म होने की उम्मीद है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपने विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाएगी। शपथ ग्रहण समारोह कल, 20 फरवरी को दोपहर में रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है, जिनमें प्रवेश वर्मा का नाम प्रमुख है, जिन्होंने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया था।
शपथ ग्रहण समारोह की भव्य तैयारियां
शपथ ग्रहण समारोह के लिए निमंत्रण पत्र जारी किए गए हैं। आमंत्रित अतिथियों में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी,दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, प्रमुख राजनीतिक हस्तियां, फिल्मी सितारे, झुग्गी बस्ती के अध्यक्ष, ऑटो और कैब ड्राइवरों के प्रतिनिधि और दिल्ली के किसान नेता शामिल हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रहेंगे अनुपस्थित
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी राज्य यात्रा के कारण समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ लल्लन सिंह पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके अलावा, बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे।
दिल्ली को मिलेगा नया नेतृत्व
नए मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा आज शाम तक होने की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत होगी। भाजपा की सरकार दिल्ली के विकास के लिए क्या नई योजनाएं लाएगी, इस पर भी सभी की निगाहें टिकी हैं।