पिथौरागढ़। एक बुजुर्ग महिला का 10 तोला सोना उसकी मर्जी के बिना उसी की बेटी ले गई। जब महिला बेटी से अपना सोना वापस मांगने गई, तो धमकाया गया। इस पर महिला पुलिस के पास पहुंची और पुलिस ने उसकी मदद की।
मामला जिला मुख्यालय से सटे जाजरदेवल थाना क्षेत्र का है। थाना जाजरदेवल में एक बुजुर्ग महिला ने शिकायत दर्ज करायी कि उसकी पुत्री उसकी मर्जी के बिना उसका 10 तोला सोना अपने साथ लेकर चली गयी। जब वह सोना वापस मांगने गयी तो उसे डराया धमकाया गया और सोना भी वापस नहीं दिया। इससे वह काफी परेशानी है।
इस पर थानाध्यक्ष जाजरदेवल के नेतृत्व में एसआई मीनाक्षी मनराल ने मामले में जांच कर आवश्यक कार्यवाही की। पुलिस ने दोनों परिवारों की काउन्सलिंग की, जिसके बाद आरोपी बेटी ने बुजुर्ग महिला का पूरा सोना वापस लौटाया। बुजुर्ग महिला व उसके परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।