अल्मोड़ा: कोसी क्षेत्र के विमोला टानी स्थित मां तुंगेश्वरी एवं महादेव मंदिर में आयोजित श्री विष्णु पुराण कथा में बड़ी संख्या में लोग पहुँच रहे हैं, आस पास के ग्रामीणों के अलावा , नगर और दूर दराज के लोग भी कथा श्रवण करने पहुँच रहे हैं।
राष्ट्रीय सेवा संघ की टीम ने भी अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस धार्मिक आयोजन में संघ के संस्थापक अध्यक्ष हिमांशु जोशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु साह सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने वृहस्पतिवार को कथा में भाग लिया।
परम पूजनीय संत भगत जी महाराज के सान्निध्य में चल रही इस कथा में संघ पदाधिकारियों ने सनातन धर्म, समाज एवं संस्कृति की रक्षा हेतु संघ की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा संघ दूरस्थ क्षेत्रों में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागृति लाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान संघ कार्यकर्ताओं ने स्थानीय श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर समाज सेवा और धार्मिक चेतना को प्रोत्साहित करने के विषय पर चर्चा की। आयोजन में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने भक्ति और आध्यात्मिक विचारों से ओत-प्रोत इस कथा का श्रवण किया।
संघ पदाधिकारियों ने इस प्रकार के आयोजनों को समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना जागृत करने का सशक्त माध्यम बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की प्रतिबद्धता जताई।