पिथौरागढ़। प्रशासन और सरकार की मनमानी के खिलाफ सोमवार को जिला मुख्यालय के नजदीक वड्डा बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।
विधायक मयूख महर और पार्टी जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार के आदेश पर प्रशासन हल्द्वानी में गरीब व्यापारियों का अतिक्रमण के नाम पर शोषण करने पर उतारू है, जिसका विरोध हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश द्वारा बार बार किया जा रहा है।
इसके बावजूद प्रशासन द्वारा लोकतंत्र का गला घोंटते हुए एक जनप्रतिनिधि और उसी क्षेत्र के विधायक को व्यापारियों के लिए आवाज उठाने पर नजरबंद कर दिया गया, जो खुलेआम लोकतंत्र की हत्या के समान है।
राज्य सरकार का पुतला फूंकते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आज प्रदेश में तानाशाही चरम पर पहुंच रही है। व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर दबाया जा रहा है, जो उनके अधिकार के साथ खिलवाड़ है। कहा कि इस तरह एक विधायक को नजरबंद करना तानाशाही है।
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेन्द्र महर, पूर्व दर्जा मंत्री महेंद्र लुंठी, भुवन पाण्डेय, नरेंद्र सौन, ललित बिष्ट, कुन्नू खड़ायत, शिवम पंत, कार्तिक खर्कवाल, गोल्डी सौन, राकेश कुमार, राजेश शर्मा, गौरव महर, कमलेश कसनियाल सहित अनेक लोग उपस्थित थे।