shishu-mandir

कांग्रेस में जीवन भर काम किया लेकिन मिली, उपेक्षा

उत्तरा न्यूज डेस्क
2 Min Read

पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती ने कांग्रेस पर लगाए आरोप, फिलहाल किसी भी दल में जाने से किया इंकार

new-modern
gyan-vigyan


अल्मोड़ा। नगर पालिका में टिकट वितरण के बाद कांग्रेस में बगावत का दौर शुरू हो गया है। पीसीसी सचिव त्रिलोचन जोशी कांग्रेस को बाय-बाय कर निर्दलीय मैदान में कूद चुके हैं। वहीं पूर्व दर्जा मंत्री केवल सती ने भी कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उन्होंने 38 वर्ष तक काम किया लेकिन उन्हें हमेशा उपेक्षा ही मिली। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय एनडी तिवारी ने उन्हें जरूर सम्मान दिया लेकिन अन्य नेताओं के कार्यकाल में लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं की उपेक्षा ही होती रही।
खुल कर बगावती तेवर दिखाते हुए केवल सती ने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति एक बार यहां सांसद, विधायक या नगरपालिकाध्यक्ष बन जाता है वह व्यक्ति हमेशा उस पद पर बने रहना चाहता है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि 2002 से लगातार एक व्यक्ति चार बार से विधायक का चुनाव लड़ रहा है। दूसरों के लिए कोई मौका ही नहीं है। उसी तरह नगरपालिका अध्यक्ष के लिए भी एक ही व्यक्ति को लगातार मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए उन्होंने प्राथमिक सदस्यता और प्रदेश प्रवक्ता पद से इस्तीफा दिया है। वह पूरे कुमांऊ क्षेत्र में भी अपने मित्रों से इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाकर निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन करने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि जिसने भी कांग्रेस की खिलाफत की उसे सम्मान मिलता रहा है और जिसने समर्पण किया उसकी उपेक्षा होती रही। उन्होंने कहा कि वह किसी भी पार्टी में नहीं जाएंगे और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे।