bdava dhari moter road gift to pithoragarh
बडावे-धारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण को मिली प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति
धारी-बेलतड़ी और क्वारबन गांंव की 1300 की आबादी को मिलेगा फायदा, क्षेत्र के लोगों ने विधायक चन्द्रा पंत का आभार जताया
पिथौरागढ़। विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ के बड़ावे-धारी मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए शासन से प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस मार्ग के लिए शासन ने 286.41 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस शासनादेश की जानकारी मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लम्बे समय से स्थानीय लोग इस मार्ग के डामरीकरण की मांग कर रहे थे। इसके लिए आंदोलन भी किये गए।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अन्तर्गत सचिव आरके सुधांशु की तरफ से जारी आदेश में विस क्षेत्र पिथौरागढ़ के इस मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के आदेश दिये गए हैंं। इधर क्षेत्रवासियों ने इसके लिए विधायक चंद्रा पंत का आभार प्रकट किया है, वहींं विधायक पंत ने इसके लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जन भावना के अनुरूप काम कर लोगोंं को हर जरूरी सेवा देने का काम कर रही है।
गौरतलब है कि बड़ावे-धारी सड़क का निर्माण 12 साल पहले हुआ था। इस सड़क में अब डामरीकरण होने से इस इलाके के धारी, बेलतड़ी और क्वारबन गांव की लगभग 13 सौ से अधिक आबादी को लाभ होगा। स्थानीय ग्रामीणों के साथ अशोक भट्ट क्षेत्र पंचायत सदस्य, रीना देवी ग्राम प्रधान धारी, दीपक ऐर, प्रमोद ऐर, डब्बू ऐर, पूर्व प्रधान नारायण सिंह, देब सिंह, दीपक भट्ट, मिहन सिंह, जमन सिंह आदि ने विधायक पंत का आभार जताया है।