शनिवार सुबह अल्मोड़ा से एक दुखद खबर आ रही है। यहां कालीमठ में रैस्टोरेंट चलाने वाले व्यक्ति की एक्सीडेंट में मौत हो गयी। वह ब्लॉक प्रमुख बबीता भाकुनी के पति रमेश भाकुनी के चचेरे भाई थे।
आज सुबह नगर मुख्यालय से सटे घुरसो गांव को शैल से जोड़ने वाले अल्मोड़ा-सिरकोट-ताकुला मार्ग में लोगों ने एक व्यक्ति को बाइक सहित गिरे हुए देखा। जब लोग उनके पास गए तो उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी पहचान महेंद्र सिंह भाकुनी ग्राम बेह,पातलीबगड़ के रूप में हुई। वह जाखनदेवी स्यूनराकोट मे किराए के मकान में रहते थे और कालीमठ में एक रैस्टोरेंट संचालित करते थे।
लोगों ने इसकी सूचना ब्लॉक प्रमुख के पति रमेश भाकुनी को दी। मौके पर उनके परिजन और पुलिसकर्मी पहुंच गए है। पुलिस ने शव का पंचनामा करवा दिया है। शव का आज दिन में पोस्टमार्टम होगा।
माना जा रहा है कि रात को बाइक से अपने घर वापस लौटने के दौरान किसी वाहन की टक्कर के बाद बाइक समेत नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गयी। जिस जगह में उनका शव पड़ा हुआ मिला है उससे थोड़ा ऊपर उनका हैल्मेट गिरा हुआ मिला है। अगर हैल्मेट गिरा नही होता हो उनकी जान बच सकती थी।
मृतक के घर में पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में गम का माहौल है। वही घर में कोहराम मचा हुआ है।