यूपी के महाराजगंज में शुक्रवार को यूपी पुलिस के एक सिपाही विनोद कुमार के साथ जो हुआ उसके बाद हर कोई हैरान और परेशान है। बृजमनगंज थाने में तैनात ये सिपाही सुबह आठ बजे के करीब रेलवे स्टेशन की ओर से मॉर्निंग वॉक पर गए थे।
उन्होंने सुबह दौड़ भी लगाई और उसके बाद वह अपने घर लौट आए। घर के दरवाजे पर पहुंचते ही सिपाही लड़खड़ाने लगा और देखते ही देखते वह जमीन पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। सिपाही को गिरते देख आसपास के लोग भी दौड़ते हुए वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत थानेदार सत्य प्रकाश सिंह को इसके बारे में बताया।
साथी पुलिस वालों ने भी सिपाही को आनन-फानन में बृजमनगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर भर्ती कराया। डॉक्टर का कहना है कि इन्हें गंभीर रूप से हार्ट अटैक आया है। डॉक्टर ने सिपाही का इलाज कर उसे बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। थानेदार ने आला अफसरों और परिवार को घटना के बारे में जानकारी दी।
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत हुए सिपाही विनोद कुमार आगरा के रहने वाले थे। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।