उत्तराखंड में देवप्रयाग में गुरुवार देर रात गुलदार ने एक 17 वर्षीय बालक को मार डाला। किशोर का क्षत-विक्षत शव कई घंटे की खोजबीन के बाद घटनास्थल से काफी दूरी पर देर रात स्थानीय लोगों और वन विभाग की टीम ने बरामद किया।
देवप्रयाग विधायक ने सुबह 4:00 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर गुलदार को तत्काल पकड़ने के निर्देश दिए हैं। किशोर का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं शुक्रवार करीब सुबह 5:30 गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया गया।
देवप्रयाग तहसील में स्टांप विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था। जब वह करीब 7:00 बजे क्रिकेट खेल कर लौट रहा था तो अचानक घात लगाकर बैठे गुलदार ने उसे पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शोर मचाने पर भी गुलदार ने उसे नहीं छोड़ा। सूचना पर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोग कई घंटे तक उसे ढूंढते रहे लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चल सका।
देर रात वन विभाग और पुलिस की टीम को किशोर का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। किशोर की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। अनुराग कक्षा बारहवीं का छात्र था। लोगों ने वन विभाग एवं सरकार से क्षेत्र में सक्रिय गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि गुलदार को सुबह साढ़े पांच बजे के करीब पिंजरे में कैद कर दिया गया है।