सोर वैली स्कूल की छात्रा ने नेशनल कैंप में हासिल किया प्रथम स्थान, स्कूल में किया गया सम्मानित
उत्तरा न्यूज पिथौरागढ़। शूटिंग में उभरती हुई सोर वैली पब्लिक स्कूल पिथौरागढ़ की होनहार छात्रा यशस्वी जोशी ने टीम इंडिया शूटिंग नेशनल कैंप में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में यशस्वी ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में निर्धारित 400 अंकों में से 392 अंक प्राप्त किये।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य शूटिंग के क्षेत्र में उभरते हुए खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए तैयार करना था। ऐसे में टीम इंडिया में उत्तराखंड की कम उम्र की पहली महिला पिस्टल शूटर होने का गौरव प्राप्त करने वाली यशस्वी जोशी ने अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। यशस्वी ने निरंतर कठिन परिश्रम करते हुए अपने कोच पिता मनोज जोशी के शूटिंग रेंज बुल्स आई एकेडमी चंडाक में कम उम्र में जो सफलताएं जनपद व राज्य के लिए अब तक अर्जित की हैं, उसका अनुपालन करते हुए भोपाल में आयोजित प्रतियोगिता में भी अपनी क्षमता प्रदर्शित की है। उनकी इस उपलब्धि पर गुरुवार को सोर वैली स्कूल की निदेशक डाॅ. उमा पाठक ने स्कूल का नाम रोशन करने वाली यशस्वी को समस्त स्टाफ की तरफ से सम्मानित करते हुए उन्हें ट्राॅफी प्रदान की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद यशस्वी का शूटिंग प्रतियोगिताओं में लगातार सफलता हासिल करना उनका इस खेल के प्रति समर्पण भाव को दर्शाता है। स्कूल प्रधानाचार्या लीलावती जोशी, ललित पाटनी, दीपक बिष्ट, एसएस मनोला, कुशल सिंह सामंत, हुकुम सिंह खनका, नरेंद्र चंद, सौरभ खर्कवाल, सीमा जोशी, भावना पंत, सरिता दिगारी, सुचिता भंडारी, पूनम जोशी, रजनी जोशी, रेखा जोशी, निर्मल पांडे व राजेश मोहन उप्रेती ने यशस्वी को बधाई दी है।