दिल्ली सरकार का आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल, जिसे आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने अपने नियंत्रण में ले लिया था, अब भाजपा सरकार को वापस मिल गया है। भाजपा की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्ता संभालने के बाद पाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय का यह हैंडल पूर्व सरकार के पास बना हुआ था, जबकि यह सरकारी संपत्ति है। इस मुद्दे पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद ‘एक्स’ के नियमों के तहत यह हैंडल वापस मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंप दिया गया।
मार्च 2020 में ‘आप’ सरकार ने @CMODelhi नामक यह आधिकारिक हैंडल बनाया था, जिसका उपयोग मुख्यमंत्री कार्यालय से संबंधित जानकारी साझा करने के लिए किया जाता था। इस हैंडल के करीब 10 लाख फॉलोअर्स हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा सरकार ने इसे वापस पाने की मांग की, क्योंकि यह किसी एक राजनीतिक दल की बजाय सरकार की संपत्ति मानी जाती है। अब यह फिर से मुख्यमंत्री कार्यालय के नियंत्रण में आ गया है और इसे आधिकारिक सूचनाओं के प्रसार के लिए उपयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मनाई होली, आशा किरण होम के बच्चों के साथ बिताया समय
होली के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रोहिणी स्थित आशा किरण होम का दौरा किया, जहां उन्होंने विशेष देखभाल वाले बच्चों के साथ त्योहार मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को होली की शुभकामनाएं दीं और उनके साथ रंगों और फूलों से होली खेली। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा किरण में आकर इन बच्चों के साथ समय बिताना उनके लिए एक भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से इस संस्था की स्थिति की समीक्षा करें और बच्चों के कल्याण के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
इसके बाद, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में भी होली का उत्सव मनाया, जहां विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और अन्य विधायकों के साथ फूलों की होली खेली गई।