महाराष्ट्र। कराड शहर में सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक लड़के ने मेडिकल छात्रा को बिल्डिंग से धक्का दे दिया जिसके बाद लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। वही लड़का भी घायल हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और इस मामले में जांच शुरू की फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा का रहने वाला ध्रुव चिक्कर नाम का लड़का कराड के कृष्णा मेडिकल कॉलेज में फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट है। ध्रुव यहां कृष्णा मेडिकल कॉलेज के पास ही सनसिटी बिल्डिंग में रहता था। कृष्णा मेडिकल कॉलेज में ही एक लड़की भी पढ़ाई कर रही थी। लड़की और ध्रुव दोनों के बीच अच्छी खासी दोस्ती थी। दूसरे लड़कों से छात्रा की दोस्ती को लेकर ध्रुव का उससे झगड़ा हुआ।
आरोपी ध्रुव ने छात्रा को अपने फ्लैट पर बुलाया और फिर दोनों के बीच जमकर बहस हुई। इसी बीच ध्रुव ने छात्रा को दूसरी मंजिल से धक्का दे दिया। नीचे गिरने के बाद ही तुरंत छात्र की मौत हो गई। इस दौरान ध्रुव भी घायल हो गया। घटना के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपी युवक ध्रुव अस्पताल में भर्ती है। इस मामले में आरोपी ध्रुव के खिलाफ पुलिस ने धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया है। सतारा जिले के पुलिस अधीक्षक समीर शेख ने इस मामले को लेकर कहा कि लड़का और लड़की दोनों एक दूसरे को लगभग दो-तीन साल से जानते थे।
आपस में इनका कुछ इश्यू हो गया था, जिसको लेकर विवाद में धक्का देने से मौत हुई है। आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।