हल्द्वानी। कुमाऊं मंडल विकास निगम, केएमवीएन के निजीकरण को लेकर कर्मचारियों ने रोष व्यक्त किया है। रविवार को संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं मंडल विकास निगम की बैठक में गेस्ट हाउसों को निजी हाथों में सौंपने की तैयारियों का विरोध किया गया। संघ ने निगम प्रबंधन से पूर्व में किए गए समझौतों को लागू करने की भी मांग उठाई गई।
नैनीताल में आयोजित बैठक में अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि सरकार शासन स्तर पर हुए समझौते को 2 माह बीतने के बाद भी लागू नहीं कर रही है। इससे कर्मियों का मनोबल टूट रहा है। तीन जुलाई को निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप तिवारी से संविदा कर्मियों के नियमितीकरण के संबंध में चर्चा की जाएगी। साथ ही निगम के कुछ आवास गृह को निजी हाथों में दिए जाने की तैयारी की जा रही है। जिसका महासंघ पुरजोर विरोध करता है। कहा कि सरकार को चाहिए कि वह निगम के माध्यम से ही आवास गृह का संचालन करे।